- अगले एक माह तक युवा कांग्रेस व एनएसयूआई द्वारा सयुंक्त रूप से अभियान चलाया जाएगा
सुमेरपुर। आगामी विधानसभा चुनावाें काे देखते हुए युवा कांग्रेस एवं एनएसयूआई द्वारा संयुक्त रूप से कांग्रेस बचाओं जनजागरण महाअभियान सुमेरपुर विधानसभा क्षेत्र में चलाया जाएगा। जिसका शुभारम्भ 15 अगस्त को सुमेरपुर शहर से किया जाएगा।
युवा कांग्रेस प्रदेश सचिव डूंगरदास वैष्णव एवं एनएसयूआई जिला उपाध्यक्ष राजेंद्र सिंह जाखोड़ा ने बताया कि सुमेरपुर विधानसभा जो किसी समय कांग्रेस का सबसे मजबूत गढ़ रही थी, आज हालात ये है की बूथ पर बैठने वाले कार्यकर्ता भी नहीं मिल रहे है। पिछले 10 सालों से यहां पार्टी बुरी तरह से हार रही है। जिसे लेकर काफी मंथन करने के बाद युवा कांग्रेस, एनएसयूआई एवं अधिकतर कांग्रेस कार्यकर्ताओं का मानना है कि सुमेरपुर सीट को जीतना है तो पार्टी के पास युवा कांग्रेस पूर्व जिलाध्यक्ष जगदीश राजपुरोहित सर्वश्रेष्ठ विकल्प मौजूद है। जिन्हें यदि आगामी चुनावों में पार्टी द्वारा उम्मीदवार बनाया जाता है तो निश्चित रूप से कांग्रेस पार्टी अपना पुराना वैभव फिर से प्राप्त कर यहां से प्रचंड जीत हासिल करेगी। उन्होंने कहा कि विधानसभा क्षेत्र का कांग्रेस कार्यकर्ता ही नहीं बल्कि आम जनमानस भी चाहता है कि सुमेरपुर को एक दबंग लीडर मिले जो ना सिर्फ विधानसभा में हमारी आवाज को बुलंद करें बल्कि यहां भी आमजन के लिए हमेशा लड़ने वाला हो। युवा कांग्रेस, एनएसयूआई व अधिकतर कार्यकर्ताओ का मानना है कि जगदीश राजपुरोहित इस कसौटी पर खरा उतरते है। इसी के तहत हमने आगामी विधानसभा चुनाव जीतने के लिए रणनीति तैयार की है और अगले एक माह तक विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस बचाओ जनजागरण महाअभियान चलाया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस महाअभियान के अंतर्गत सर्वप्रथम 1100 फीट लम्बाई वाले कपड़े पर जगदीश राजपुरोहित के समर्थन में हस्ताक्षर अभियान चलाया जायेगा। विधानसभा क्षेत्र के हर गांव तक हमारे कार्यकर्ता जायेंगे व हर गांव से कम से कम 100 लोगों के हस्ताक्षर करवाएंगे। इसके अलावा सुमेरपुर शहर व तखतगढ़ कस्बे से भी हजारों की संख्या में हस्ताक्षर करवाएंगे।
कार्यकर्ता अपने खून से पत्र लिखेंगे-
मेघवाल युवा कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष गोविन्द मेघवाल व जिला महासचिव मीठालाल मीणा ने बताया कि अगले एक माह तक चलने वाले कांग्रेस बचाओ जनजागरण महाअभियान के अंतर्गत सुमेरपुर विधानसभा से जगदीश राजपुरोहित को उम्मीदवार बनाने की मांग को लेकर कांग्रेस आलाकमान को एनएसयूआई, युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ-साथ आम लोग भी अपने खून से पत्र लिखंगे और राजपुरोहित को उम्मीदवार बनाने की पुरजोर मांग करेंगे। मुख्यमंत्री को हजारो पोस्टकार्ड भेजेंगे पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह नेतरा एवं एनएसयूआई ब्लॉक अध्यक्ष रामचंद्र मेघवाल ने कहा कि अगले एक माह तक राजपुरोहित के समर्थन में विधानसभा क्षेत्र से हजारो की संख्या में मुख्यमंत्री को पोस्टकार्ड भेजकर उन्हें उम्मीदवार बनाने की मांग करेंगे और कांग्रेस पार्टी को मजबूत करने के लिए हर बूथ तक पहुंचेंगे।
हस्ताक्षर युक्त कपड़ा सीएम काे साैपेंगे
युवा नेता रवि चौहान व वरिष्ठ कांग्रेसी सोहनलाल चौधरी ने बताया कि उक्त कांग्रेस बचाओ जनजागरण महाअभियान 15 अगस्त से 15 सितंबर तक सम्पूर्ण विधानसभा क्षेत्र में चलाया जाएगा। इस दौरान विधानसभा क्षेत्र के हर गांव व हर बूथ तक पहुंचकर हर कार्यकर्ता व आमजन को इस महाअभियान से जोड़ा जायेगा। उन्होंने बताया की सुमेरपुर विधानसभा क्षेत्र ही नहीं बल्कि पुरे प्रदेश में इस तरह का ये पहला जनजागरण महाअभियान होगा जिसमे कांग्रेस को बचाने के लिए जमीनी स्तर पर इतना बड़ा प्रयास किया जाएगा। 15 सितंबर को इस महाअभियान की समाप्ति के बाद हमारा प्रतिनिधिमंडल जयपुर जाकर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से मिलेगा व आमजन की भावना से उन्हें अवगत करवाते हुए 1100 फ़ीट लम्बाई वाले हजारों लोगों के हस्ताक्षरयुक्त कपड़े को उन्हें सौंपेगा। इसी क्रम में हमारा प्रतिनिधिमंडल प्रदेश प्रभारी सुखविंदर रंधावा व राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे से मुलाकात कर उन्हें सुमेरपुर क्षेत्र के कार्यकर्ताओं की जनभावना से अवगत करवा जगदीश राजपुरोहित को टिकट देने की पुरजोर तरीके से मांग करेगा।