सुमेरपुर में सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता अभियान : 250 वाहनों पर लगाए रिफ्लेक्टर व सुरक्षा स्टीकर
Naresh Malviya
Monday, December 22, 2025
सुमेरपुर । परिवहन विभाग की ओर से 11 से
25 दिसंबर 2025 तक
संचालित सड़क सुरक्षा अभियान के तहत सोमवार को सुमेरपुर क्षेत्र में व्यापक स्तर
पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। जिला परिवहन कार्यालय सुमेरपुर के तत्वावधान
में आयोजित इन कार्यक्रमों का मुख्य उद्देश्य आमजन को सड़क सुरक्षा नियमों के
प्रति जागरूक कर दुर्घटनाओं में कमी लाना रहा।
अभियान के दौरान सुमेरपुर क्षेत्र की टैक्सी यूनियन, जालोर चौराहा, ट्रक यूनियन, बस
स्टैंड तथा विभिन्न ढाबों पर वाहन चालकों व आम नागरिकों को सड़क सुरक्षा से
संबंधित पंपलेट वितरित किए गए। परिवहन विभाग की टीम ने लोगों को यातायात नियमों की
जानकारी देते हुए सुरक्षित वाहन संचालन के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर परिवहन निरीक्षक शिवलाल मीणा
ने वाहन चालकों को हेलमेट और सीटबेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने की समझाइश
दी। उन्होंने कहा कि हेलमेट और सीटबेल्ट न केवल कानूनन आवश्यक हैं, बल्कि ये दुर्घटना की स्थिति में जीवन रक्षक भी सिद्ध होते
हैं।
अभियान के दौरान विशेष रूप से
रात्रिकालीन दुर्घटनाओं को रोकने के उद्देश्य से करीब 250 वाहनों
पर रिफ्लेक्टर टेप और सड़क सुरक्षा से जुड़े स्टीकर लगाए गए। इससे रात के समय
वाहनों की दृश्यता बढ़ेगी और दुर्घटनाओं की संभावना कम होगी।
जिला परिवहन अधिकारी अनूप चौधरी ने
बताया कि सड़क सुरक्षा अभियान के तहत आगामी दिनों में भी विभिन्न स्थानों पर
जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि दुर्घटना संभावित स्थानों,
प्रमुख मार्गों और चौराहों पर बिना हेलमेट व सीटबेल्ट वाहन
चलाने वाले चालकों को समझाइश दी जाएगी।
इसके अलावा विद्यालयों, महाविद्यालयों और कोचिंग संस्थानों में चलने वाली बाल वाहिनी
वाहनों के ड्राइवरों, वाहन स्वामियों, स्कूल
संचालकों एवं अभिभावकों को बाल वाहिनी से संबंधित नियमों की विस्तृत जानकारी दी
जाएगी, ताकि बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा
सके।
उन्होंने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य आमजन को सड़क
सुरक्षा नियमों के प्रति पूर्ण रूप से जागरूक करना है, जिससे
सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके और सुरक्षित यातायात व्यवस्था को बढ़ावा मिल
सके।