जयपुर: राजस्थान विधानसभा की कार्यवाही 19 फरवरी सुबह 11 तक स्थगित कर दी गई। विधानसभा में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने राज्यपाल के अभिभाषण पर जवाब दिया। मुख्यमंत्री ने 2 घंटे तक राज्यपाल के अभिभाषण पर जवाब दिया।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि किसानों से हमने वादा किया है कि 2027 तक दिन में बिजली देंगे। यह डबल इंजन की सरकार है और इसके आगे जो आकर टकराएगा, उसका परिणाम क्या होगा यह भी जानते हैं। राजस्थान की जनता को विश्वास दिलाता हूं कि हम संकल्प पत्र को पूरा करेंगे। 1 साल के भीतर 55 प्रतिशत वादे पूरे किए हैं।
जिले और संभागों का पुनर्गठन
मुख्यमंत्री ने जिले और संभाग के पुनर्गठन को लेकर कहा कि गुटबाजी और चहेतों को खुश करने के लिए रातों-रात जिले बना दिए गए। 67 साल में कांग्रेस सरकार ने मात्र एक जिला बनाया। कांग्रेस में जहां-जहां नए जिले बनाए वहीं जनता ने उसे नकार दिया। हमने राजस्थान की जनता और जिलों के हित को ध्यान में रखकर काम किया है।
सरकारी भर्तियां
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में 59 हजार से ज्यादा पदों पर नियुक्ति दी जा चुकी है, जो DOP की वेबसाइट पर उपलब्ध है। 172990 पदों पर भर्ती प्रक्रियाधीन है और 81000 पदों की भर्ती परीक्षाओं का कैलेंडर जारी किया गया है। उन्होंने कांग्रेस सरकार पर भ्रष्टाचार, महंगाई, सांप्रदायिक दंगों, पेट्रोल-डीजल की कीमतों, और बिजली दरों में बढ़ोतरी का आरोप लगाया।
जल प्रबंधन और सिंचाई
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि ERCP के MOU की जानकारी वेबसाइट पर उपलब्ध है। योजना का कार्य धरातल पर शुरू हो चुका है। यमुना का पानी अब राजस्थान में आएगा, जिससे शेखावाटी क्षेत्र को 1917 क्यूसेक पानी मिलेगा।
कांग्रेस पर हमला
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि राजस्थान और पूरे देश से कांग्रेस का सफाया होने वाला है। उन्होंने दावा किया कि अगले चुनाव में कांग्रेस सदन में नहीं दिखेगी।
किसानों के लिए कदम
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों को 70 साल तक लूटा गया। किसानों की समस्याओं को दूर करने के लिए हमारी सरकार ने कई योजनाएं शुरू की हैं। MSP की सीमा बढ़ाई गई है, और राज्य की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए विभिन्न उपाय किए गए हैं। उन्होंने कहा कि 2025-26 तक 85716 करोड़ रुपये राज्य को मिलने वाले हैं, जिससे प्रदेश की आर्थिक स्थिति को मजबूती मिलेगी।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने प्रदेश की जनता को विश्वास दिलाया कि सरकार अपने संकल्प पत्र को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है और सभी क्षेत्रों में विकास कार्य तेजी से किए जाएंगे।