सुमेरपुर, पाली | भारतीय मजदूर संघ राजस्थान प्रदेश की प्रदेश कार्यसमिति बैठक का आयोजन वर्धमान जैन बोर्डिंग छात्रावास, सुमेरपुर में हुआ। बैठक का शुभारंभ मां भारती, भगवान विश्वकर्मा और राष्ट्र ऋषि दत्तोपंत ठेंगड़ी के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन से हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में राजस्थान सरकार के कैबिनेट मंत्री श्री जोराराम कुमावत, संघ के वरिष्ठ प्रचारक एवं भामस के क्षेत्रीय संगठन मंत्री श्री सी. वी. राजेश, संघ के क्षेत्र संपर्क अधिकारी श्याम मनोहर, प्रदेश अध्यक्ष राजेंद्र सिंह डाबी तथा प्रदेश महामंत्री हरिमोहन शर्मा उपस्थित रहे।
कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत का संबोधन
कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत ने भारतीय मजदूर संघ की राष्ट्रवादी विचारधारा की सराहना करते हुए कहा कि “भारतीय मजदूर संघ आज श्रम जगत का एकमात्र ऐसा संगठन है जो 'वसुधैव कुटुंबकम्' और 'राष्ट्र हित में करेंगे काम, काम के लेंगे पूरे दाम' जैसे सिद्धांतों के साथ काम करता है।” उन्होंने कहा कि उन्हें गर्व है कि वे दत्तोपंत जी की उस दूरदर्शी सोच के साक्षी हैं, जिसने 1955 में इस संगठन की नींव रखी थी।
मंत्री ने बताया कि 2014 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू की गई ‘श्रमेव जयते’ योजना ने श्रमिकों को ‘राष्ट्रनिर्माता’ के रूप में सम्मानित किया और इस सोच ने श्रम क्षेत्र में क्रांतिकारी बदलाव की नींव रखी। उन्होंने उपस्थित सभी श्रमिक नेताओं और कार्यकर्ताओं को श्रमेव जयते के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के लिए प्रेरित किया।
पंचायती राज मंत्री ओटाराम देवासी का वक्तव्य
बैठक को पंचायती राज एवं ग्रामीण विकास मंत्री ओटाराम देवासी ने भी संबोधित किया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने देशभर के सभी लेबर एक्ट को समाहित कर चार प्रमुख लेबर कोड तैयार किए हैं। इनमें से एक सामाजिक सुरक्षा कोड है, जिसमें श्रमिकों को बीमा, पेंशन, ग्रेच्युटी, मातृत्व लाभ आदि के कानूनी अधिकार सुनिश्चित किए गए हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय मजदूर संघ के सुझावों को शामिल कर श्रमिकों के हित में बेहतर कानून बनाया गया है।
राष्ट्रीय श्रमिक दिवस की मांग
इस अवसर पर प्रदेश महामंत्री हरिमोहन शर्मा ने मांग की कि भगवान विश्वकर्मा की जयंती 17 सितंबर को राष्ट्रीय श्रमिक दिवस घोषित किया जाए। मंत्री जोराराम कुमावत ने इस मांग को उचित ठहराते हुए आश्वासन दिया कि मुख्यमंत्री से इस विषय पर वार्ता कर सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा।
संघ के क्षेत्र संपर्क अधिकारी श्याम मनोहर का संबोधन
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के क्षेत्र संपर्क अधिकारी श्याम मनोहर ने बैठक को संबोधित करते हुए पंच परिवर्तन और स्वदेशी आंदोलन में भारतीय मजदूर संघ की भूमिका को रेखांकित किया। उन्होंने स्वदेशी के प्रति संगठन की प्रतिबद्धता दोहराई।
बैठक का समापन
बैठक का समापन प्रदेश अध्यक्ष राजेंद्र सिंह डाबी द्वारा दिए गए धन्यवाद ज्ञापन से हुआ। कार्यक्रम संयोजक महिपाल सिंह ने बताया कि 4 मई को श्रमिक कल्याण बोर्ड और हमाल बोर्ड गठन के साथ आगामी कार्य विस्तार योजना पर चर्चा की जाएगी।
बैठक में नगर के प्रमुख भामाशाह, समाजसेवी एवं गणमान्य नागरिक भी मौजूद रहे।