सुमेरपुर । नगर पालिका सुमेरपुर के आम चुनाव को लेकर गुरुवार से नामांकन प्रक्रिया शुरू होगी। पार्षद पद के लिए चुनाव लड़ने के इच्छुक उम्मीदवार सुबह 10.30 बजे से दोपहर 3 बजे तक रिटर्निंग अधिकारी के समक्ष नामांकन पत्र जमा करा सकेंगे। नामांकन प्रक्रिया शुरू होने से एक दिन पहले बुधवार को उपखंड कार्यालय से 94 आवेदन फॉर्म दावेदारों ने प्राप्त किए।
रिटर्निंग अधिकारी एवं एसडीएम कालूराम कुम्हार ने बताया कि पार्षद पद के लिए नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 31 अगस्त है। इसके बाद 1 सितंबर को नामांकन पत्रों की संवीक्षा होगी। प्रत्याशी 3 सितंबर तक नामांकन वापस ले सकेंगे। 4 सितंबर को चुनाव चिह्नों का आवंटन किया जाएगा। नगर पालिका चुनाव के लिए 11 सितंबर को सुबह 7 से शाम 6 बजे तक मतदान होगा। वहीं 14 सितंबर को मतगणना की जाएगी। नामांकन प्रक्रिया शुरू होने के साथ ही विभिन्न वार्डों में चुनावी गतिविधियां तेज हो चुकी हैं। चुनाव लड़ने के इच्छुक दावेदारों ने अपने-अपने स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी हैं।