सुमेरपुर । नगर पालिका चुनाव में भाजपा और कांग्रेस के प्रत्याशियों की शैक्षणिक योग्यता, उम्र और महिला प्रत्याशियों के पेशे का विश्लेषण करने पर दोनों प्रमुख दलों की अलग-अलग तस्वीर सामने आई है। 35 वार्डों में भाजपा के 34 प्रत्याशी मैदान में हैं, जबकि कांग्रेस के वार्ड 23, 26 और 32 में प्रत्याशियों के नामांकन वापस लेने के बाद 32 प्रत्याशी मैदान में हैं। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार भाजपा में उच्च शिक्षा प्राप्त प्रत्याशियों की संख्या कांग्रेस से अधिक है, वहीं जेन-जी यानी 18 से 29 वर्ष के प्रत्याशियों की संख्या दोनों दलों में मिलाकर केवल 3 है।
भाजपा में 10 स्नातक-स्नातकोत्तर, कांग्रेस में 7
भाजपा के 34 प्रत्याशियों में 7 स्नातक और 3 स्नातकोत्तर हैं। यानी कुल 10 प्रत्याशी स्नातक या उससे अधिक शिक्षा प्राप्त हैं। इसके अलावा एक प्रत्याशी के पास अन्य डिग्री है। भाजपा के वार्ड 24 के रमेश राठाैड़ के पास बी काॅम की डिग्री है। वहीं वार्ड 19 के भावेश वैष्णव डी फार्मा हैं। भाजपा में 15 प्रत्याशी 9वीं से 12वीं तक शिक्षित हैं, जबकि 7 प्रत्याशी कक्षा 1 से 8 तक पढ़े हैं। दो प्रत्याशी साक्षर हैं। कांग्रेस के 32 प्रत्याशियों में 6 स्नातक और 1 स्नातकोत्तर हैं। तीन प्रत्याशियों के पास अन्य डिग्री हैं। कांग्रेस के वार्ड 9 के हितेश कुमार के बीएड और एलएलबी तथा वार्ड 19 के महेंद्र सिंह राजपुराेहित के पास बीए, एलएलबी की डिग्री है। कांग्रेस में 11 प्रत्याशी 9वीं से 12वीं तक और 7 प्रत्याशी कक्षा 1 से 8 तक पढ़े हैं। चार प्रत्याशी साक्षर हैं।
शिक्षा भाजपा कांग्रेस
निरक्षर 0 0
साक्षर 2 4
कक्षा 1 से 8 7 7
कक्षा 9 से 12 15 11
स्नातक 7 6
स्नातकोत्तर 3 1
अन्य डिग्री 1 3
कुल 34 32
जेन-जी को टिकट में कम प्रतिनिधित्व, भाजपा 1 और कांग्रेस 2
उम्र के लिहाज से देखें तो 18 से 29 वर्ष की जेन-जी श्रेणी में भाजपा का सिर्फ 1 और कांग्रेस के 2 प्रत्याशी हैं। भाजपा में वार्ड 22 से दक्षा मेड़तिया 27 वर्ष की हैं। कांग्रेस में वार्ड 3 से रिंकू कंवर 29 और वार्ड 8 से वर्मन कुमार सामरिया 28 वर्ष के हैं। यानी 66 प्रत्याशियों में जेन-जी की हिस्सेदारी महज 3 प्रत्याशियों की है। इससे साफ है कि नगर पालिका चुनाव में प्रमुख दलों ने युवा चेहरों की बजाय अपेक्षाकृत अधिक उम्र और राजनीतिक-सामाजिक अनुभव वाले प्रत्याशियों पर भरोसा किया है।
60 पार में भाजपा के 6 प्रत्याशी, कांग्रेस के 4
60 वर्ष से अधिक उम्र वाले प्रत्याशियों में भाजपा आगे है। भाजपा के 34 में से 6 प्रत्याशी 60 पार हैं। इनमें वार्ड 4 के माणकलाल 69, वार्ड 6 के भूराराम तीरगर 64, वार्ड 8 के रमेश कुमार राखेचा 75, वार्ड 13 के बाबूलाल सुथार 66, वार्ड 24 के रमेश कुमार राठौड़ 63 और वार्ड 27 के फुलाराम सुथार 70 वर्ष के हैं।
कांग्रेस के 32 प्रत्याशियों में 4 प्रत्याशी 60 वर्ष से अधिक उम्र के हैं। इनमें वार्ड 22 की पारस 65, वार्ड 27 के हसमुख लाल जैन 65, वार्ड 31 के भैराराम 63 और वार्ड 33 के राजाराम गाडल 62 वर्ष के हैं। इस तरह दोनों दलों में मिलाकर 10 प्रत्याशी 60 पार हैं।
महिला प्रत्याशियों में गृहणियों का दबदबा
महिला प्रत्याशियों की बात करें तो भाजपा के 35 प्रत्याशियों में 12 महिलाएं थी, वार्ड 32 की वीणा देवड़ा के निर्विराेध निर्वाचन के बाद अब 11 मैदान मंे हैं। इनमें से 9 के पेशे में गृहिणी है। वार्ड 1 की मधु बैन, वार्ड 2 की कविता कंवर, वार्ड 5 की पुष्पा प्रेमचंद बरूत, वार्ड 10 की पूजा देवी मीणा, वार्ड 18 की भावना राजपुरोहित, वार्ड 20 की ममता, वार्ड 21 की उषा देवी माली, वार्ड 22 की दक्षा मेड़तिया और वार्ड 35 की रेखा कंवर गृहिणी हैं। दक्षा मेड़तिया के विवरण में सिलाई कार्य व कोचिंग क्लास के साथ गृहिणी दर्ज है। कांग्रेस के 32 प्रत्याशियों में 11 महिलाएं हैं। इनमें 8 गृहिणियां हैं। वार्ड 1 की मंजू देवी, वार्ड 3 की रिंकू कंवर, वार्ड 10 की भागवंती, वार्ड 18 की सुनीता देवी, वार्ड 20 की भगवती, वार्ड 21 की नीता, वार्ड 22 की पारस और वार्ड 35 की सविता देवी गृहिणी हैं। वार्ड 2 की कुसुम चौहान स्टाम्प वेंडर हैं और वार्ड 5 की गोरी का पुश्तैनी कार्य है।
अनुभव वाले चेहरों पर भी भरोसा
प्रत्याशियों के पेशे और पूर्व दायित्वों पर नजर डालें तो दोनों दलों ने कई पूर्व पार्षदों और संगठन पदाधिकारियों को भी मैदान में उतारा है। भाजपा के प्रत्याशियों में पूर्व पार्षद, पूर्व पालिकाध्यक्ष, नगर मंडल अध्यक्ष, मोर्चा अध्यक्ष और अन्य संगठनात्मक पदों पर रहे चेहरे शामिल हैं। कांग्रेस में भी नगर अध्यक्ष, विधानसभा अध्यक्ष सहित संगठन से जुड़े प्रत्याशी मैदान में हैं।