सुमेरपुर। नगर के देवनगरी मालियों वास से नोवी स्थित मल्लेश्वर महादेव मंदिर दर्शनार्थ पैदल संघ रविवार सवेरे गाजो-बाजों के साथ रवाना हुआ। समस्त देवड़ा परिवार की ओर से यह 10वीं पैदल यात्रा धूमधाम से निकली जिसमें देवड़ा परिवार समेत अन्य भक्तजनों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। आयोजक परिवार के सुकनराज चंपालाल देवड़ा ने बताया कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी मल्लेश्वर महादेव दर्शनार्थ पैदल यात्रा निकली।
सवेरे 5 बजे देवनगरी स्थित जागनाथ महादेव मंदिर में भोलेनाथ की पुजा अर्चना कर यात्रा को रवाना किया गया। यात्रा मुख्य बाजार, पुराड़ा, भारूंदा, केराल, नोवी होते हुए मल्लेश्वर महादेव पहुंची। यात्रा में भक्तजन भोलेनाथ के जयकारे लगाते हुए चल रहे थे। जगह-जगह यात्रा का स्वागत किया गया। मल्लेश्वर महादेव में भजन संध्या का आयोजन किया गया। जिसमें आकाशवाणी कलाकार मारवाड़ के भजन सम्राट रमेश माली पाली एवं रामेश्वर माली सेवाड़ी द्वारा एक से बढकर एक भोलेनाथ के भजनों की प्रस्तुतियां दी गई।
भजन संध्या का शुभारंभ गणपति वंदना व गुरू वंदना के साथ किया गया। इसके बाद भोले बम लहरी, महादेव तो परणीजया... मेरा भोला है भंडारी, मल्लेश्वरजी रे धाम.. आदि भजनों की शानदार प्रस्तुतियां दी गई। कलाकारों के भजनों पर महिलाओं ने नृत्य किया। भजन संध्या में पहुंचे जिला परिषद सदस्य व पूर्व प्रधान हरिशंकर मेवाड़ा का देवड़ा परिवार की ओर से बहुमान िकया गया। भक्तजनों ने मल्लेश्वर महादेव के आगे मत्था टेक क्षेत्र परिवार की खुशहाली की कामना की। इसके बाद प्रसादी का आयोजन हुआ जिसमें सुमेरपुर-शिवगंज समेत आस-पास के क्षेत्र से बड़ी संख्या मंे श्रद्धालुओं ने लाभ लिया।